Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी आस्था का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह के विरुद्ध चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर सुनील कुमार को देवप्रयाग से गिरफ्तार किया है। 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली बद्रीनाथ में टप्पेबाजी से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि इस अपराध में शामिल आरोपी एक सुसंगठित अंतर्राज्यीय गिरोह के रूप में योजनाबद्ध तरीके से टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों कृष्ण कुमार निवासी भटिंडा पंजाब उम्र 28 वर्ष दिया निवासी मोरमण्डी भटिंडा पंजाब उम्र 25 वर्ष सुनील कुमार निवासी भरतपुर राजस्थान हाल निवासी भटिंडा पंजाब उम्र 26 वर्ष और ललित कुमार निवासी अलवर राजस्थान उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान गिरोह की आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई तथ्य सामने आए। पूछताछ में पता चला कि गिरोह के सदस्यों ने केदारनाथ धाम में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस संबंध में सोनप्रयाग थाने में भी मामला दर्ज है। गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता और जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपियों का विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट का अनुमोदन प्राप्त करने के बाद गिरोह और उसके सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को अपराधियों तक पहुंचने के लिए मैनुअल पुलिसिंग मजबूत सुरागरसी-पतारसी और आधुनिक सर्विलांस तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। एसपी चमोली के निर्देशों के अनुपालन में गठित टीम ने लगातार कुशल सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी निगरानी के आधार पर सफलता हासिल की। टीम ने अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के गैंग लीडर सुनील कुमार निवासी भरतपुर राजस्थान हाल निवासी भटिंडा पंजाब उम्र 26 वर्ष को 11 सितंबर 2026 को देवप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि आस्था की आड़ में संगठित और अंतर्राज्यीय अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए जनपद चमोली में कोई जगह नहीं है। संगठित अपराध के विरुद्ध चमोली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बद्रीनाथ महादेव उनियाल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोविंदघाट चित्रगुप्त हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नागरकोटी कांस्टेबल राजेंद्र सिंह रावत और कांस्टेबल चालक मनोज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *