Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार सरकारी विद्यालयों में बदलती शिक्षा व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं का प्रेरक उदाहरण बनकर उभर रहा है। विद्यालय में स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल बोर्ड से लेकर खेल योग संगीत और रचनात्मक गतिविधियों तक बच्चों को सीखने के साथ अपनी प्रतिभा पहचानने और निखारने का बेहतर अवसर मिल रहा है। विद्यालय में वर्तमान में 114 बच्चे अध्ययनरत हैं जिनमें 59 बालिकाएं और 55 बालक शामिल हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए छह शिक्षक कार्यरत हैं। विषयवार कक्षाओं और विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था से बच्चों को प्रत्येक विषय को बेहतर ढंग से समझने और सीखने का अवसर मिल रहा है। स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल बोर्ड ने बच्चों की पढ़ाई को अधिक रोचक और सहज बनाया है। विद्यालय की तीन कक्षाओं में स्मार्ट टीवी की सुविधा उपलब्ध है जहां चित्रों वीडियो और डिजिटल सामग्री के माध्यम से कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाया जाता है। विद्यालय में पुस्तकालय कॉर्नर छह कंप्यूटर और एक लैपटॉप भी उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत के साथ डिजिटल ज्ञान विकसित किया जा रहा है। विद्यालय में शिक्षा के साथ बच्चों के शारीरिक और रचनात्मक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योग खेल स्कूल बैंड और सांस्कृतिक गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाता है। विद्यालय के आठ बच्चे राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। ‘जादू का पिटारा’ के माध्यम से गणित विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को खेल और गतिविधि आधारित तरीके से समझाया जा रहा है। विद्यालय ने स्वच्छता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2024-25 में विद्यालय को प्रदेश स्तर पर स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त हुआ जबकि जनपद स्तर पर दो बार स्वच्छता पुरस्कार मिल चुका है। स्वच्छ सुरक्षित और अनुशासित वातावरण बच्चों के बेहतर सीखने के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रहा है। विद्यालय में शुद्ध पेयजल के लिए आरओ बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय सीसीटीवी कैमरे फायर सेफ्टी उपकरण विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मध्याह्न भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार दिया जाता है। प्रत्येक माह अभिभावक बैठक आयोजित कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और अन्य गतिविधियों को लेकर संवाद किया जाता है। विद्यालय के विद्यार्थियों का समय-समय पर जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन भी होता रहा है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला ने बताया कि बाला योजना के तहत विद्यालयों में पेंटिंग सौंदर्यीकरण और बालानुकूल फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ डिजिटल संसाधनों खेल योग सांस्कृतिक गतिविधियों और अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानाचार्य मोर सिंह असवाल ने बताया कि विद्यालय का प्रयास बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है जहां वे पढ़ाई के साथ खेल रचनात्मक और अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा को निखार सकें। ढुंगीधार विद्यालय की बदलती तस्वीर बताती है कि सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से सरकारी विद्यालय भी बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाले मजबूत मंच बन सकते हैं। आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ ढुंगीधार विद्यालय अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए भी प्रेरक उदाहरण बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *