Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विकासखंड नरेंद्रनगर में प्रगति स्वायत्त सहकारिता के तहत संचालित सामुदायिक स्तर के उद्यमों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्रैगन फ्रूट उत्पादन क्षेत्र और बकरी पालन इकाई का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और प्रगति की जानकारी ली। ड्रैगन फ्रूट उत्पादन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पौधों की गुणवत्ता अच्छी पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सिंचाई की बेहतर व्यवस्था के लिए मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी और जिला उद्यान अधिकारी पंकज पेटवाल को ड्रिप इरीगेशन तथा जियो लाइन टैंक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि ड्रैगन फ्रूट जैसी लाभकारी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित किया जाए जिससे महिलाओं की आजीविका और आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसी फसलों को बढ़ावा देने से जंगली जानवरों से होने वाले फसल नुकसान को भी कम किया जा सकता है। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने किराड़ा में संचालित बकरी पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से बकरी पालन से संबंधित जानकारी लेते हुए इकाई की व्यवस्थाओं और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इकाई में आवश्यक प्रकाश व्यवस्था के लिए दो सोलर लाइट लगाए जाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *