प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए महिला सहित तीन वांछित आरोपियों को पुहाना चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर की। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2026 को ग्राम नन्हेड़ा थाना भगवानपुर निवासी अभिषेक की पत्नी ने भगवानपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि नामजद आरोपियों ने उनके पति अभिषेक के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद उपचार के दौरान देहरादून अस्पताल में अभिषेक की मृत्यु हो गई थी। तहरीर के आधार पर भगवानपुर पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली भगवानपुर पुलिस वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुहाना चौक के पास दबिश देकर मामले से संबंधित तीन वांछित आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में मोहित पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम नन्हेड़ा थाना भगवानपुर हरिद्वार सतीश पुत्र हरि सिंह निवासी मोहल्ला हलवाईयान थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर तथा ग्राम नन्हेड़ा अनन्तपुर थाना भगवानपुर हरिद्वार निवासी एक महिला शामिल है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर और महिला कांस्टेबल सोनम भारती शामिल रहे।
