प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने कांगड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2 किलो गांजा और गांजे की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली 1210 छोटी पन्नियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 12 सितंबर 2026 को पुलिस टीम कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा एक ओप्पो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा उसके बैग से गांजे की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली 1210 छोटी पन्नियां भी बरामद की गईं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजे को छोटी-छोटी पन्नियों में भरकर बेचने की बात बताई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा पुत्र ब्रह्मदेव सैनी निवासी ग्राम सरवारा अरोय थाना कंसी सिमड़ी जनपद दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गली नंबर-03 कांगड़ी थाना श्यामपुर हरिद्वार में रह रहा था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी चंडीघाट देवेंद्र सिंह तोमर कांस्टेबल राहुल देव कांस्टेबल विनीत और कांस्टेबल अनिल रावत्त शामिल रहे।
