प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना के साथ सात दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कारागार परिसर में पूजा-अर्चना आरती एवं भक्ति-भजनों का आयोजन हुआ जिसमें बंदियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच आत्मचिंतन आध्यात्मिक चेतना तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहित करना है। सात दिवसीय उत्सव का समापन गणेश विसर्जन के साथ किया जाएगा। जेल अधीक्षक कौशल कुमार ने कहा कि गणेश चतुर्थी नई शुरुआत सकारात्मक सोच एवं विघ्नों पर विजय का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बंदियों में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करने के साथ-साथ कारागार एवं समाज के बीच सकारात्मक संवाद को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
