Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। 15 सितंबर। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित सुगम एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज जिला आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग एवं धाम में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि तीर्थ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे यात्रा मार्ग के साथ ही विभिन्न हेलीपैडों एवं केदारनाथ धाम में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों का सीधा प्रसारण आपदा कंट्रोल रूम में होता है जिसके माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाती है। किसी भी स्थान पर असामान्य स्थिति अथवा समस्या दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में एसओएस सिस्टम भी स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर मौके पर तैनात अधिकारियों से सीधे संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। तीर्थ यात्रियों द्वारा यात्रा से संबंधित किसी भी समस्या अथवा सूचना को आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है। कंट्रोल रूम द्वारा प्राप्त सूचनाओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन में जिला आपदा प्रबंधन विभाग एवं आपदा कंट्रोल रूम की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक निगरानी एवं संचार प्रणालियों के माध्यम से यात्रा व्यवस्थाओं पर निरंतर नजर रखते हुए तीर्थ यात्रियों को हरसंभव सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *