प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार गठित पत्रकार कल्याण कोष कॉरपस फंड के अंतर्गत मृतक पत्रकार महेंद्र कुमार वर्मा की पत्नी विमला देवी को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा अमित शर्मा एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने आश्रित को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों गंभीर बीमारी से पीड़ित सक्रिय पत्रकारों तथा मृतक पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में संचालित यह पहल सराहनीय और संवेदनशील प्रयास है। पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा एवं अमित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की पहल पर पत्रकारों और उनके आश्रितों को समय-समय पर आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे जरूरतमंद परिवारों को सहायता का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर पत्रकार बाल कृष्ण शर्मा श्रवण कुमार अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
