Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने थाना मुनिकीरेती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्थाओं अभिलेखों शस्त्र एवं आपदा उपकरणों विवेचनाओं तथा जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी को सम्मान दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में उपलब्ध शासकीय शस्त्रों एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों का भौतिक निरीक्षण किया। उपस्थित पुलिस कर्मियों से शस्त्राभ्यास कराया गया तथा आपदा उपकरणों के उपयोग और उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर ने थाना कार्यालय एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई मालखाना भोजनालय आगंतुक कक्ष महिला एवं शिशु सहायता पटल सीसीटीएनएस कक्ष तथा थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही थाना स्तर पर उपलब्ध समस्त शस्त्र आपदा उपकरण सरकारी संपत्ति यातायात कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उपकरण और दंगारोधी उपकरणों का जीपी लिस्ट से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया। उपकरणों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित एवं अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। मालखाने के निरीक्षण के दौरान वहां रखे मुकदमे से संबंधित माल एवं अन्य सामग्री के रख-रखाव की स्थिति की जानकारी ली गई। लंबित मालों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किए जाने के लिए प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने सीसीटीएनएस कक्ष में नियुक्त कर्मचारियों से आईआईएफ फॉर्म और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को अभियोगों से संबंधित आईआईएफ फॉर्म समय से भरने तथा विभिन्न पोर्टलों पर रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में अपलोड कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित पोर्टलों का प्रतिदिन अवलोकन करने और उनमें प्राप्त शिकायतों एवं सत्यापनों का समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए क्षेत्राधिकारी ने सभी विवेचकों को विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस पर लंबित विवेचनाओं से संबंधित 60 दिवस और 90 दिवस के अलर्ट को नियमित रूप से चेक करने तथा अनावश्यक रूप से विवेचनाओं को लंबित नहीं रखने को कहा गया। इसके अतिरिक्त सभी विवेचकों का आदेश कक्ष लेकर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रचलित अज्ञात शवों की शिनाख्त की कार्यवाही के संबंध में भी निर्धारित एसओपी का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर ने थाना मुनिकीरेती में नियुक्त समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन भी लिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों की समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा आवश्यकतानुसार उनके निराकरण के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया। सभी बीट कर्मियों को प्रतिदिन ई-बीटबुक पर लॉगिन कर आवश्यक डेटा अपडेट करने तथा ई-समन एवं अन्य न्यायालयीय और विभागीय कार्यों की समय से तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने सभी पुलिस कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करने तथा थाना स्तर पर आने वाले आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पाण्डेय समस्त चौकी प्रभारी तथा थाना मुनिकीरेती के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *