Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान एसबीआई-आरसेटी रुद्रप्रयाग में गोट वैली योजना के लाभार्थियों के लिए छह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 21 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लाभार्थियों को बकरी पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के साथ ही उद्यमिता और व्यवसाय प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयुक्त शुभारंभ लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह, एसबीआई आरएसीसी के मुख्य प्रबंधक वीरेंद्र भाकुनी और संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने बकरी पालन को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय का बेहतर माध्यम बनाने के लिए इसे पारंपरिक तरीके से आगे बढ़कर व्यवस्थित व्यवसाय के रूप में अपनाने पर जोर दिया। लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह ने कहा कि बकरी पालन को यदि पारंपरिक तरीके के बजाय व्यवसाय के रूप में किया जाए तो यह ग्रामीण स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए बकरी पालन को व्यवस्थित एवं लाभकारी उद्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य गोट वैली योजना के लाभार्थियों को बकरी पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में संचालित करने तथा उद्यमिता के आवश्यक गुर सिखाना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली जानकारी को गंभीरता से समझने और उसे अपने व्यवसाय में उपयोग करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण समन्वयक वीरेंद्र बर्तवाल ने बताया कि छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को व्यवसाय योजना तैयार करने लागत और आय का आकलन करने वित्तीय प्रबंधन बैंकिंग सुविधाओं तथा बाजार प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को बकरी पालन से जुड़े व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने और उसकी आर्थिक संभावनाओं को समझने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में संदीप पाण्डे संगीता देवी सहित अन्य संकाय सदस्य और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *