प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर युवा संकल्प दिवस के रूप में रेंजर मैदान में कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को भव्य और संगीतमय बनाने के लिए उत्तराखंड की लोक गायिका प्रियंका मेहर ने अपनी प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से युवाओं में उत्साह का माहौल बना और उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कार्यक्रम स्थल को शुभकामनाओं से गूंजा दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और युवाओं के बीच जाकर सभी का धन्यवाद किया। इस दौरान सभागार में उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शिव शक्ति स्वरूप त्रिशूल भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सभी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज मुख्यमंत्री का जन्मदिवस इस कार्यक्रम में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड जिस गति से आगे बढ़ रहा है उससे आने वाले समय में उत्तराखंड विकसित राज्य के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने युवा आयोग का गठन कर युवाओं को अनेक अवसर उपलब्ध कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आने वाले समय में पुनः धामी सरकार बनाने का संकल्प ले रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मातृशक्ति और युवाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें दिखाई दे रहा है कि आने वाले समय में उत्तराखंड कैसा होगा। आत्मनिर्भर और हर क्षेत्र में आगे बढ़ता हुआ उत्तराखंड उन्हें दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वह आज यहां अपनी बात कहने नहीं बल्कि युवाओं के सपनों आकांक्षाओं उम्मीदों और सबसे महत्वपूर्ण आने वाले समय में उनके भविष्य के बारे में उनसे बात करने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक पूरे देशवासियों के लिए एक संकल्प रखा है कि 2047 तक भारत एक विकसित भारत होगा। इस संकल्प को पूरा करने में सबसे बड़ा योगदान युवाओं का होगा। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं जिन्होंने पूरे देशवासियों के लिए एक साथ चलने का संकल्प और विकसित भारत का सपना सामने रखा है। उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और भारत विकसित देश होगा तब आज के युवा अलग-अलग क्षेत्रों में अपना नेतृत्व स्थापित कर रहे होंगे। उत्तराखंड का युवा किसी से कम नहीं है। उत्तराखंड के युवाओं में अपार क्षमता और कौशल है तथा वे चुनौतियों से लड़ना जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को अनेक अवसर उपलब्ध कराए हैं। राज्य सरकार भी युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा कौशल स्वरोजगार स्टार्टअप और खेल के मैदान सहित हर क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में न जाना पड़े। उत्तराखंड का युवा रोजगार लेने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बने इसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए भविष्य की दुनिया को ध्यान में रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डिजिटल तकनीक आधुनिक कौशल प्रशिक्षण पर्यटन और होमस्टे सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा आयोग के गठन के निर्णय के लिए लोग धन्यवाद देने के लिए एकत्रित हुए हैं लेकिन यह धन्यवाद उन्हें नहीं बल्कि उत्तराखंड की युवा शक्ति को मिलना चाहिए। युवाओं की आकांक्षाओं रोजगार स्वरोजगार और बेहतर भविष्य की दिशा में यह आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आयोग युवाओं के अधिकारों कौशल विकास और नवाचार के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नीति निर्माण में भागीदार बनना चाहिए। खेल के क्षेत्र में भी उत्तराखंड के युवाओं और खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। देवभूमि अब खेल भूमि के रूप में अपनी नई पहचान बना रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा रखना होगा। यदि सपना देखना है तो बड़ा सपना देखना चाहिए जो वर्तमान परिस्थितियों और चुनौतियों से बड़ा हो। बड़ा सपना देखने वाले ही भविष्य में बड़ा इतिहास लिखते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के साथ आगे बढ़ें और हर दिन स्वयं को कल से बेहतर बनाने के लिए प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई निर्णय लिए हैं जिनमें युवा भविष्य निर्माण योजना भी शामिल है। इसके प्रथम चरण में 10 हजार युवाओं को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि जिन युवाओं के हाथों में किताब होनी चाहिए उनके हाथों में नशा नहीं होना चाहिए। जिन्हें खेल के मैदान में दौड़ना है उन्हें नशे के रास्ते पर नहीं दौड़ना चाहिए। जिस युवा को उत्तराखंड का भविष्य लिखना है, उसे नशे के अंधकार में नहीं जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देने और बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी युवाओं का धन्यवाद किया। उन्होंने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल और उनकी टीम का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ऐसा नेतृत्व चाहती है और उत्तराखंड के युवाओं ने तय कर लिया है कि उत्तराखंड में भाजपा की धामी सरकार बने। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने मुख्यमंत्री अतिथियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तरुण बंसल दीप्ति भारद्वाज पुनीत मित्तल विधायक विनोद चमोली उमेश शर्मा काऊ सविता कपूर महापौर सौरभ थपलियाल आदित्य चौहान नेहा जोशी मनवीर चौहान दीप कोश्यारी मुलायम रावत महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी विजेंद्र थपलियाल महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों सुनील शर्मा संकेत नौटियाल राजेश कंबोज ओम कक्कड़ मोहित शर्मा जगदीश सेमवाल समीर डोभाल विनोद शर्मा प्रदीप कुमार अक्षत जैन मोतीराम संदीप बिजलवान महिपाल और श्रेय नौटियाल सहित हजारों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
