प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल स्रोत एवं नदी पुनर्जीवन प्राधिकरण (सारा) की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के जल स्रोतों के संरक्षण भूजल संवर्धन तथा सोंग नदी के पुनर्जीवन से संबंधित प्रस्तावों एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की समीक्षा की गई। साथ ही एक जनपद-एक नदी कार्यक्रम सहित जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सारा के तहत पूर्व में किए गए कार्यों के धरातलीय प्रभाव का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि केवल कार्य पूर्ण होना पर्याप्त नहीं है बल्कि यह भी देखा जाए कि संबंधित कार्यों से जल स्रोतों के डिस्चार्ज जल उपलब्धता एवं स्थानीय स्तर पर कितना वास्तविक लाभ हुआ है। बैठक में बताया गया कि एक जनपद-एक नदी कार्यक्रम के तहत जनपद टिहरी से सोंग नदी का चयन किया गया है। जिलाधिकारी ने वर्षा आधारित नदियों गदेरों जलधाराओं एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए तैयार उपचार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता उपयोगिता और धरातलीय प्रभाव को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जनपद की पौराणिक एवं ऐतिहासिक जलधाराओं और नौलों के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार के कार्य किए जाने हैं। जिलाधिकारी ने इसे महत्वपूर्ण पहल बताते हुए निर्देश दिए कि जिन जलधाराओं एवं नौलों का पुनरुद्धार किया जा रहा है उन्हें जल संस्थान एवं जल निगम की पेयजल योजनाओं से जोड़ा जाए ताकि इन कार्यों का सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिल सके। जिलाधिकारी ने जनपद के छोटे-बड़े सभी जल स्रोतों का वैज्ञानिक तरीके से चिन्हीकरण कर उनकी वर्तमान स्थिति का आकलन करने को कहा। साथ ही प्राथमिकता वाले सब-वाटरशेड क्षेत्रों की पहचान कर चरणबद्ध माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जल संरक्षण एवं पुनर्भरण के लिए चेकडैम कंटूर ट्रेंच चाल-खाल रिचार्ज पिट क्रेट वायर संरचनाओं तालाब निर्माण एवं पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने जियोटैगिंग एवं डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल डीएफओ नरेंद्रनगर डी.नायक डी.डी.सारा डॉ. सिद्धार्थ शंकर श्रीवास्तव डीडीओ मो.असलम बीडीओ चंबा शाकिर हुसैन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
