प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 के तहत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर-2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथियों में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। बैठक में एसआईआर के तहत अर्ह नागरिकों एवं निर्वाचकों से प्राप्त दावे-आपत्तियों प्रारूप-6, 7 एवं 8 के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में जारी 1,17,501 नोटिसों के सापेक्ष शत-प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जनपद को आवंटित ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच एफएलसी का कार्य 5 अक्टूबर 2026 से निर्माता कंपनी ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी भाजपा से जयेन्द्र पंवार एवं राजेंद्र प्रसाद डोभाल कांग्रेस से गब्बर सिंह रावत बबूल आर्य कुलदीप सिंह पंवार सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
