Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज कर्णप्रयाग में कानून के प्रति जागरूकता एवं नागरिकों के अधिकारों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को विभिन्न कानूनी प्रावधानों के साथ-साथ वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर के दौरान चौकी प्रभारी लंगासू उप निरीक्षक दिनेश सिंह पंवार ने वर्तमान में संचालित साइबर जागरूकता अभियान के तहत छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लिंक संदिग्ध वेबसाइट फर्जी कॉल ओटीपी पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करने के प्रति जागरूक किया। उप निरीक्षक दिनेश सिंह पंवार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी साइबर अपराध की सूचना दी जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि साइबर अपराध की स्थिति में समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि शुरुआती समय में की गई कार्रवाई से ठगी की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है। इसके साथ ही छात्राओं को अपनी डिजिटल डिवाइस को साइबर अटैक से सुरक्षित रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई। मोबाइल एवं कंप्यूटर में मजबूत पासवर्ड रखने नियमित रूप से सॉफ्टवेयर अपडेट करने अनजान ऐप या फाइल डाउनलोड न करने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। शिविर के माध्यम से छात्राओं को संदेश दिया गया कि कानून की जानकारी और डिजिटल सुरक्षा की समझ आज के समय में हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। जागरूकता ही साइबर अपराध के विरुद्ध सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। इस दौरान पुनीत कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विद्यालय के अध्यापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *