Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं के साथ ही आम जनमानस ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कुल 69 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ धर्मपुर विधायक विनोद चमोली देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत युवा मोर्चा के जिला सह प्रभारी संजय तोमर महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप पंत भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल राठौर मंडल महामंत्री अंजू ध्यानी एवं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अमित गोली ने किया। इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा और समर्पण का पर्याय है। उनके जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाना सभी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सभी के लिए हर्ष का विषय है और इस शुभ अवसर पर युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान का कार्य किया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवा और समर्पण के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनजागरूकता के साथ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि युवा मोर्चा ने आज जो सेवा कार्य किया है वह वास्तव में प्रेरणादायक है। यह प्रधानमंत्री के विजन को दर्शाता है कि युवा केवल नारे लगाने वाला नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपना रक्त तक देने के लिए तैयार है। महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप पंत ने कहा कि युवा मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिखाए मार्ग पर चलकर निरंतर सेवा कार्यों में लगा रहेगा। आगे भी प्रत्येक मंडल में सेवा संकल्प अभियान के तहत इसी तरह रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अमित गोली ने की। उन्होंने रक्तदाताओं अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल के सभी पदाधिकारी ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *