Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में संचालित जन सेवा केंद्रों सीएससी की कार्यप्रणाली जनसुविधाओं और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने विभिन्न जन सेवा केंद्रों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चार जन सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके अलावा कुछ केंद्रों से कंप्यूटर और लैपटॉप भी अभिरक्षा में लिए गए। औचक निरीक्षण के दौरान शादमान के जन सेवा केंद्र सीएससी आईडी 353233270019 पर अनियमितताएं पाए जाने पर केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। इसी प्रकार हनी रमन के केंद्र सीएससी आईडी 554776230016 को भी मौके पर सील कर दिया गया। करन वर्मा के केंद्र सीएससी आईडी 626776760018 तथा प्राची कौशिक के केंद्र सीएससी आईडी 727124560013 पर भी जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर दोनों केंद्रों को सील कर दिया गया।
*कंप्यूटर और लैपटॉप अभिरक्षा में लिए*
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर द्वारा शादमान पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से सीपीयू अभिरक्षा में लिए गए। इसके अतिरिक्त पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी अभिरक्षा में लिए गए हैं। पारुल बंसल के केंद्र सीएससी आईडी 252619240013 पर पाई गई अनियमितता के संबंध में लैपटॉप को प्रशासन ने अभिरक्षा में लिया है।
*सीएससी आईडी निरस्त करने की संस्तुति*
निरीक्षण के दौरान पवन फर्स्वाण के केंद्र सीएससी आईडी 543342670011 पर पाई गई कमियों के संबंध में केंद्र की सीएससी आईडी निरस्त किए जाने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। वहीं पूनम खन्ना के केंद्र सीएससी आईडी 317574420015 पर पाई गई कमियों के संबंध में उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सेवा केंद्र आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। आमजन की सुविधा से जुड़े इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अनियमितता अथवा अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी जन सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित केंद्र संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण अभियान के दौरान तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र सिंह सहित तहसील एवं पुलिस की टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *