प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘ट्रैक फॉर ड्रग फ्री भूमि’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापक वर्ग ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ अनुशासित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं एंटी ड्रग सेल के नोडल डॉ.शनव्वर ने छात्र-छात्राओं को एंटी ड्रग अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का संकल्प दिलाया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं जागरूकतापूर्ण वातावरण बना रहा। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ.ईरा सिंह डॉ.मीना डॉ.संगीता बिजलवान जोशी डॉ.मीनाक्षी डॉ.ममता चौहान आशीष पुंडीर एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
