Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन पौड़ी में श्रद्धा एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए पुलिस के दैनिक कार्यों में उपयोग होने वाले शस्त्रों वाहनों मशीनरी एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का विधिवत पूजन किया गया। पूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार एवं अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के बीच भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान पुलिस बल की कार्यक्षमता संसाधनों की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन में निरंतर सफलता की कामना की गई। भगवान विश्वकर्मा जयंती सृजन तकनीकी दक्षता परिश्रम और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देती है। पुलिस के लिए आधुनिक संसाधन केवल उपकरण नहीं बल्कि जनसेवा और कर्तव्य निर्वहन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसी भावना के साथ पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार परिवहन शाखा एवं अन्य उपकरणों का पूजन किया गया। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थानों फायर स्टेशनों एवं पुलिस की अन्य शाखाओं में भी भगवान विश्वकर्मा की आराधना करते हुए शस्त्रों वाहनों एवं उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *