प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। शिल्प निर्माण एवं यांत्रिक कला के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के पावन अवसर पर पुलिस लाइन गोपेश्वर सहित जनपद की सभी थाना-चौकियों में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान शस्त्रों वाहनों मशीनरी वायरलेस एवं अन्य आवश्यक तकनीकी उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। पुलिस लाइन गोपेश्वर में कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद शस्त्रागार में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ ब्राह्मण आचार्य द्वारा विशेष पूजन-अर्चना संपन्न कराई गई। इस दौरान पुलिस के शस्त्रों वायरलेस उपकरणों मशीनों एवं अन्य तकनीकी उपकरणों को विधिवत पूजन के लिए रखा गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से इन उपकरणों के सुचारू रूप से कार्य करने एवं सदैव जनसेवा में उपयोगी बने रहने की कामना की। पूजन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनपद में शांति कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के सुचारू संचालन के साथ-साथ पुलिस बल को हर चुनौती का मजबूती से सामना करने की शक्ति प्रदान करने के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि पुलिसिंग में आधुनिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन उपकरणों का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग पुलिसकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने और आमजन की सहायता करने में सक्षम बनाता है। भगवान विश्वकर्मा से प्रेरणा लेते हुए पुलिसकर्मियों ने अपने कार्य में कौशल समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। पूजन-अर्चना के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा शस्त्रों वाहनों मशीनरी वायरलेस एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
