प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के आदेशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के निकट पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को कोतवाली चम्बा पुलिस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड चम्बा में सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम के साथ महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 120 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं विशेषकर बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए आवश्यक सेल्फ डिफेंस तकनीकों एवं व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक करते हुए स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा बैंकिंग फ्रॉड ओटीपी पिन पासवर्ड केवाईसी फर्जी लिंक क्यूआर कोड ऑनलाइन शॉपिंग एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गईं। साथ ही व्हाट्सऐप फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा अनजान और फ्रॉड कॉल के झांसे में नहीं आने की अपील की गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें ताकि ठगी की धनराशि को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने अपने मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के संबंध में भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी उत्पीड़न छेड़छाड़ अथवा संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में चुप न रहने तथा तत्काल अपने अभिभावकों शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें उत्तराखंड पुलिस एप गौरा शक्ति एप एवं विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और उनकी उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। चम्बा पुलिस द्वारा सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील की गई कि पुलिस द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण को केवल स्वयं तक सीमित न रखें बल्कि इसे अपने मित्रों परिजनों रिश्तेदारों एवं ग्रामवासियों तक भी पहुंचाएं ताकि अधिक से अधिक लोग महिला सुरक्षा साइबर अपराध नशे और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सोनल हेड कांस्टेबल कल्याण सिंह कांस्टेबल सोनू कांस्टेबल आरती एवं कांस्टेबल मीरा मौजूद रहे।
