Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तृतीय चरण का जनपद में गुरुवार को शुभारंभ किया गया। यमकेश्वर स्थित रामझूला के समीप नवघाट में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर गंगा आरती एवं पांच हजार दीपों के सामूहिक प्रज्ज्वलन के माध्यम से जनसेवा सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गंगा आरती में सहभागिता करते हुए जनसेवा सुशासन और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पांच हजार दीपों के सामूहिक प्रज्ज्वलन से नवघाट का पूरा परिसर आलोकित हो उठा। दीपों की मनोहारी रोशनी से सजा घाट श्रद्धा भक्ति एवं उत्साह का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा राष्ट्र की एकता अखंडता और देश की सुख-समृद्धि एवं प्रगति की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। उपस्थित जनसमूह ने गंगा आरती और दीपोत्सव के माध्यम से समाज राष्ट्र और जनकल्याण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान सरकार और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने का माध्यम है। इसके जरिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाई जा रही है जिससे पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी विभागों से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जा रही है तथा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनहितकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ आमजन और शासन-प्रशासन के बीच संवाद को भी सशक्त बना रहा है। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पूर्व विधायक विजय बड़थ्वाल प्रबंधक स्वर्गाश्रम वीके श्रीवास्तव विनीता नौटियाल ओबीसी मोर्चा उत्तराखंड सुशील त्यागी अरुण शर्मा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जोंक दीपक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *