Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराधों की रोकथाम संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस की सघन चेकिंग एवं सत्यापन कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नई टिहरी की चौकी कोटी क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र में निवासरत एवं कार्यरत बाहरी व्यक्तियों किरायेदारों श्रमिकों एवं अन्य व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ एवं जांच भी की। पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को अपने यहां कार्यरत अथवा निवासरत बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया। अभियान के दौरान पुलिस एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसमें 14 व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट के चालान तथा चार व्यक्तियों के 83 पुलिस एक्ट के चालान किए गए। इस प्रकार कुल 18 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चौकी कोटी एवं चौकी बी पुरम क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यक कार्रवाई की। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने मकान होटल ढाबे दुकान अथवा अन्य प्रतिष्ठान में किसी भी बाहरी व्यक्ति या किरायेदार को रखने से पूर्व उसका अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। सत्यापन नहीं कराने की स्थिति में नियमानुसार पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। टिहरी पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के उद्देश्य से लगातार जारी है। पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग सत्यापन एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी आगे भी निरंतर की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *