प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली कीर्तिनगर क्षेत्र के रैम्बो स्कूल में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव साइबर अपराध ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं और उन्हें सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ ही उसके परिवार शिक्षा भविष्य और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को नशे से हमेशा दूर रहने नशे के अवैध कारोबार एवं सेवन के प्रति सजग रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे को अपनी जिंदगी का हिस्सा न बनने दें। यदि उनके आसपास किसी व्यक्ति द्वारा नशे का सेवन अथवा अवैध बिक्री की जा रही है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की सुरक्षा एवं पुलिस सहायता से संबंधित गौरा शक्ति ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। पुलिस टीम ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने किसी भी असहज अथवा संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल सहायता लेने तथा किसी समस्या को छिपाने के बजाय अभिभावकों और पुलिस से साझा करने के लिए प्रेरित किया। बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी पिन पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से बातचीत करते समय सावधानी बरतने फर्जी कॉल संदेश लिंक एवं ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आने तथा सोशल मीडिया खातों के पासवर्ड मजबूत रखने और उन्हें किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को सूचित करें। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित संयमित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि जागरूकता एवं सतर्कता के माध्यम से नशे तथा साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने नशा साइबर अपराध सोशल मीडिया सुरक्षा महिला सुरक्षा एवं पुलिस सहायता से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल एवं विस्तृत रूप से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। टिहरी पुलिस ने लोगों से जागरूक और सुरक्षित रहने नशे से दूर रहने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
