Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। श्यामपुर स्थित नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि केंद्र में शनिवार से ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी। इससे श्यामपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर नियमित गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। भविष्य में इस केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा ताकि दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को स्वीकृति मिली थी। उन्होंने कहा कि केंद्र के संचालन से श्यामपुर क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के.सिंह मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनीष दत्त जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ.महिमानंद जोशी अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी स्वास्थ्य सचिव को दी। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान योगेश चौहान श्यामपुर सुनील पाल सजनपुर पीली देवेंद्र नेगी गाजीवाली मंडल महामंत्री सुनील पाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *