Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना घनसाली पुलिस टीम द्वारा लंबित वारंटों की तामील के लिए लगातार सुरागरसी और वारंटियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान घनसाली पुलिस टीम ने परक्राम्य लिखत अधिनियम से संबंधित न्यायालय द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में वारंटी पपेन्द्र सिंह चौहान को चमियाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटी पपेन्द्र सिंह चौहान पुत्र विजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम भीमलेत पट्टी आरगढ़ तहसील बालगंगा थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल है। गिरफ्तार वारंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वारंटी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक शशिकांत और हेड कांस्टेबल मनीष थाना घनसाली शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामील एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। कानून से बचकर फरार चल रहे वारंटियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *