प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। अहमदाबाद निवासी अमृता घटक जो हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए आई थीं ने कोतवाली गोविन्दघाट में सूचना दी कि गोविन्दघाट से पुलना जाते समय उनका पर्स रास्ते में कहीं गुम हो गया है। पर्स में करीब 10 हजार रुपये नगद जरूरी दस्तावेज एवं अन्य कीमती सामान रखा था। पर्स गुम होने से महिला श्रद्धालु काफी परेशान थीं। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह एवं हेड कांस्टेबल सुमित चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर पर्स की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद पर्स को सकुशल बरामद कर लिया। पर्स में रखी नगदी दस्तावेज एवं अन्य सामान को सुरक्षित महिला श्रद्धालु के सुपुर्द कर दिया गया। खोया सामान वापस मिलने पर महिला श्रद्धालु के चेहरे पर सुकून और खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तत्परता मेहनत और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
