Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशे पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और नशा तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मादक पदार्थों की बिक्री आपूर्ति परिवहन एवं वितरण से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। निर्देशों के अनुपालन में जनपद पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए लगातार सघन चेकिंग एवं प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। 23 अगस्त 2026 को श्रीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक इको एम्बुलेंस UK14-PA-0539 से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस को सीज करते हुए मामले में संलिप्त अभियुक्तों रविन्द्र सिंह रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू एवं विनोद रावत को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच के दौरान गांजा तस्करी में दीपक सिंह बिष्ट निवासी मंगलाकोटी जनपद पौड़ी गढ़वाल की संलिप्तता भी प्रकाश में आई। जांच के दौरान उसके मादक पदार्थ गांजा की खरीद-फरोख्त एवं आपूर्ति से जुड़े होने के पर्याप्त तथ्य सामने आए। इसके बाद अभियुक्त दीपक सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और फरार चल रहा था। अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा उस पर 1500 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों सटीक सूचना प्रभावी समन्वय एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 सितंबर 2026 को श्रीनगर से वांछित ईनामी अभियुक्त दीपक सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 34 वर्ष है। वह कुंवर सिंह का पुत्र और मंगलाकोटी जनपद पौड़ी गढ़वाल का निवासी है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश असवाल हेड कांस्टेबल 219 संजय कुमार तथा हेड कांस्टेबल 236 दिनेश नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *