Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन एवं सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज क्षेत्रांतर्गत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में जिला प्रशासन नगर निगम की टीम एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई में सहयोग प्रदान किया। अतिक्रमण अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर के बाहर सड़क फुटपाथ एवं पटरी पर अवैध रूप से लगाए गए खोखों तथा अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा अवैध खोखों एवं पटरी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई जबकि पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सड़क मार्ग एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा आगामी कुंभ मेले के सुव्यवस्थित एवं सुचारु संचालन के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों सड़कों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा प्रशासन द्वारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर क्षेत्र में यातायात सुगमता तथा श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अभियान संचालित किया गया। इस दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर अस्थायी रूप से लगे अवैध खोखों पटरी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया ताकि आमजन एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर यह अभियान नगर निगम एवं पुलिस बल के सहयोग से आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना है ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *