Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर ‘पीढ़ियों का कारवां’ ए इंटरजेनरेशनल वॉकाथॉन फॉर एक्टिव एजिंग एंड बॉन्डिंग कार्यक्रम का आयोजन जनपद देहरादून में किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं एवं वरिष्ठजनों के बीच संवाद सहभागिता एवं भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा ‘पीढ़ियों का कारवां’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रस्तावित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोलागढ़ एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास कोलागढ़ में संयुक्त रूप से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेल्फी विद ग्रैंडपेरेंट्स पोस्टर मेकिंग निबंध लेखन गायन एवं गीत प्रतियोगिता तथा स्वरचित कविता एवं काव्य पाठ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभव जीवन मूल्यों एवं योगदान से जोड़ना तथा ‘पीढ़ियों के बीच संवाद और सम्मान’ की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान अपनत्व एवं संवेदनशीलता का संदेश भी दिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित विद्यालय एवं छात्रावास प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्यक्रम को प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाने का प्रयास किया गया है। वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ‘पीढ़ियों का कारवां’ जैसे कार्यक्रम दोनों पीढ़ियों के बीच संवाद सम्मान और आत्मीयता का सेतु तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *