Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी के बद्रीनाथ धाम भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शनिवार 19 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने बद्रीनाथ धाम में ड्यूटी पर नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री के बद्रीनाथ धाम भ्रमण के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को बेहतर ढंग से संचालित किया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति में सभी टीमें तत्काल समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पुलिस अधीक्षक चमोली ने अधिकारियों एवं जवानों से ड्यूटी की तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्हें उनकी जिम्मेदारियों एवं संवेदनशील स्थानों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान वीआईपी मूवमेंट सुरक्षा व्यवस्था यातायात संचालन भीड़ प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था के साथ-साथ संचार व्यवस्था जनसुविधाओं और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वीआईपी ड्यूटी के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता सजगता और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा भी पुलिस की प्राथमिकता है। सभी जवान अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहते हुए किसी भी स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *