प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट में अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस के अवसर पर जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में चिकित्साधिकारी डॉ.संचित ने मौजूद प्रतिभागियों को सर्पदंश से बचाव लक्षणों और उपचार के संबंध में जानकारी दी। डॉ.संचित ने कहा कि प्रति वर्ष सर्पदंश के बढ़ते मामलों के कारण इस दिशा में जागरूकता की आवश्यकता अधिक महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सांप काट ले तो बिल्कुल भी डरना या घबराना नहीं चाहिए। सांप के काटने पर समय से उपचार मिलने पर व्यक्ति को आसानी से बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक आदि से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने सर्पदंश के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि सांप के काटने वाली जगह पर दो घाव के निशान के अलावा हाथ-पैर सुन्न होना काटने वाली जगह पर तेज दर्द मतली एवं उल्टी आना सांस लेने में परेशानी काटने वाली जगह पर लाली और बहुत अधिक पसीना आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में घाव को बर्फ या पानी से नहीं धोना चाहिए। दबाव बनाकर खून रोकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। घाव को चाकू आदि से नहीं काटना चाहिए और काटने वाली जगह पर चूसकर जहर निकालने का प्रयास भी नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना होने पर व्यक्ति को बिल्कुल भी डरना या घबराना नहीं चाहिए और जितनी जल्दी हो सके उसे उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाना चाहिए। डॉ.संचित ने बताया कि करीब 85 प्रतिशत सांप जहरीले नहीं होते हैं लेकिन सर्पदंश की घटना में सावधानी बरतना बहुत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील करते हुए कहा कि ईंट पत्थर लकड़ी आदि के ढेर न रखें और चूहों के बिलों को बंद कर दें ताकि सांपों के घरों के आसपास आने की संभावना कम हो सके। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश दिवस के अवसर पर सभी ब्लॉकों में सामुदायिक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि सर्पदंश के किसी भी मामले से त्वरित निपटने तथा एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन की पर्याप्तता सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सालयों को निर्देशित किया गया है। इस मौके पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक महेंद्र कुकरेती ब्लॉक लेखा प्रबंधक अजय प्रकाश चमोली सोनाली पटवाल नीरज डोभाल सरोज रुचि पंत व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
