प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों के क्रम में 19 सितंबर 2026 को पाबो के स्थानीय युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को अनजान वीडियो कॉल ऑडियो कॉल फर्जी लॉटरी ऑनलाइन निवेश आकर्षक ऑफर्स एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप इंस्टाग्राम फेसबुक एवं यूट्यूब के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं को नशा तस्करी के विरुद्ध जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करी अथवा नशीले पदार्थों से जुड़ी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई। सड़क सुरक्षा को लेकर युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं को सतर्क डिजिटल नागरिक बनने नशे से दूर रहने एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
