प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के प्रभावी मार्गदर्शन में तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग पायल सिंह के नेतृत्व में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 सितंबर 2026 को जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित विभिन्न होटलों रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित रख-रखाव खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था रसोईघर एवं परिसर की साफ-सफाई खाद्य संचालकों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता खाद्य पदार्थों को ढककर रखने की व्यवस्था कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण कीट एवं कृमि नियंत्रण स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण लाइसेंस या पंजीकरण की वैधता एवं उसके प्रदर्शित किए जाने खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग निर्माण एवं समाप्ति तिथि खाद्य पदार्थों के स्रोत तथा आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था खाद्य पदार्थों के रख-रखाव एवं भंडारण तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों के अनुपालन में कमियां पाई गईं। इस पर सचिव पायल सिंह ने गंभीरता व्यक्त करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को कमियों का तत्काल निराकरण करने तथा भविष्य में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सचिव पायल सिंह ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा विषय है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण अथवा भंडारण तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर विषय है। अतः सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों का दायित्व है कि वे खाद्य पदार्थों की सुरक्षित एवं स्वच्छ परिस्थितियों में तैयारी भंडारण एवं बिक्री सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की नियमित रूप से निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक सुधारात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य वातावरण बनाए रखें खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान एवं उचित परिस्थितियों में संग्रहित करें खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाएं तथा कर्मचारियों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित करें।
