प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिरला परिसर स्थित सीनेट हॉल में 18 सितंबर को आगामी विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए ऑडिशन आयोजित किए गए। विश्व पर्यटन दिवस का मुख्य कार्यक्रम 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने हुनर और आत्मविश्वास का परिचय दिया। ऑडिशन का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इसके बाद अब प्रतिभागियों में इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि किन-किन छात्र-छात्राओं का चयन आगामी कार्यक्रम के लिए हुआ है। चयनित प्रतिभागियों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ पर्यटन के प्रति जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करेगा।
