प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 14 अक्टूबर 2025 को मधु नेगी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके खाते से 1,34,999 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में धोखाधड़ी साइबर अपराध आर्थिक अपराध एवं अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर प्रकरण की विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस बैंक खातों की जांच और लगातार सुरागरसी के माध्यम से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण किया। जांच में अब्दुल रज्जाक निवासी फतेहपुर पश्चिम बंगाल की प्रकरण में संलिप्तता प्रकाश में आई। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी लेकिन आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी प्रयोग करना बंद कर दिया था। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 2,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां टीम ने बेहतर तकनीकी सर्विलांस लगातार सुरागरसी एवं प्रभावी टीमवर्क के माध्यम से आरोपी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। पुलिस टीम की सतर्कता और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप फरार चल रहे आरोपी अब्दुल रज्जाक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल और हेड कांस्टेबल 108 उत्तम सिंह चौहान शामिल रहे।
