Spread the love

प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 20 सितंबर को प्रस्तावित बद्रीनाथ दौरे के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ हेलीपैड कथा महोत्सव स्थल एराइवल प्लाजा तथा देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल आयोजन स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर मंच बैठक व्यवस्था विद्युत पेयजल साफ-सफाई पार्किंग यातायात बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के साथ-साथ देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 एवं बद्रीनाथ कथा महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के साथ ही धाम में आयोजित होने वाले अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *