Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/लखनऊ/श्रीनगर गढ़वाल। भारत दर्शन कार्यक्रम के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से संवाद किया और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। पहाड़ के इन मेधावी बच्चों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से आमने-सामने मुलाकात का अनुभव भारत दर्शन यात्रा का महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव रहा। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल पर आयोजित भारत दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा और किताबों की सीमाओं से बाहर निकालकर देश की विविधता संस्कृति इतिहास आधुनिक तकनीक और लोकतांत्रिक व्यवस्था से परिचित कराना है। कार्यक्रम का यह 10वां संस्करण विद्यार्थियों के लिए नए अनुभवों और सीख के अवसर लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर बातचीत की और उनके अनुभवों एवं विचारों से सीखने का अवसर प्राप्त किया। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिन्ह के रूप में बैट भेंट किया। विधायक द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए जाने के दौरान भी विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात विद्यार्थियों के लिए यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रही।‌ भारत दर्शन यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की आधुनिक जीवनशैली और परिवहन व्यवस्था को करीब से देखने का अवसर भी मिला। बच्चों ने मेट्रो की सवारी कर आधुनिक परिवहन व्यवस्था का अनुभव लिया। इसके अलावा यात्रा में उत्तर प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक धार्मिक और शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण भी शामिल है। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की समृद्ध विरासत और बदलते भारत की तस्वीर को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है। विधायक विनोद कंडारी का कहना है कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें देश की वास्तविक तस्वीर से परिचित कराना जरूरी है। भारत दर्शन जैसे कार्यक्रम बच्चों को देश के अलग-अलग क्षेत्रों संस्कृति इतिहास तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देते हैं। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों की सोच और आत्मविश्वास के दायरे को व्यापक बनाने के साथ उन्हें भविष्य की नई संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। भारत दर्शन यात्रा के दौरान देवप्रयाग के विद्यार्थियों को लगातार नए अनुभव मिल रहे हैं। राज्यपाल से मुलाकात पहली बार मेट्रो यात्रा और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात ने यात्रा को और यादगार बना दिया है। यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं में इन अनुभवों को लेकर उत्साह बना हुआ है। भारत दर्शन कार्यक्रम का 10वां संस्करण देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केवल देश भ्रमण का अवसर नहीं बल्कि नई जगहों को देखने विभिन्न व्यवस्थाओं को समझने नए अनुभव हासिल करने और बड़े सपनों की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *