प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम में घंटाकर्ण मंदिर के समीप पुलिसकर्मियों को 40 हजार रुपये की नकदी से भरा एक पर्स मिला। पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए पर्स को तत्काल कंट्रोल रूम पहुंचाया। कंट्रोल रूम में हेड कांस्टेबल विवेक ने माइक के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर पर्स के स्वामी की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद मध्य प्रदेश निवासी श्याम गुर्जर कंट्रोल रूम पहुंचे। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने पर्स और उसमें रखी 40 हजार रुपये की नकदी उन्हें सकुशल वापस कर दी। खोई हुई अमानत वापस मिलने पर श्याम गुर्जर ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिसकर्मियों की इस ईमानदार पहल से श्रद्धालुओं के प्रति सेवा संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय मिला।
