प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में थाना मुनि की रेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने 19 और 20 सितंबर 2026 की रात अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.01 ग्राम अवैध स्मैक 420 ग्राम अवैध चरस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। संयुक्त टीम ने कपटीयाल मोड़ ढालवाला से विनीत भट्ट उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 5.01 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। विनीत भट्ट पुत्र किशन लाल भट्ट निवासी पीडब्ल्यूडी तिराहा नगरपालिका कॉलोनी मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल का रहने वाला है। उसके विरुद्ध थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा तपोवन बैरियर के पास चेकिंग के दौरान वाहन UK-14M-1273 में सवार सलमान उम्र 34 वर्ष और मनीष नेगी उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 420 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इस मामले में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सलमान पुत्र स्वर्गीय रामपाल निवासी ग्राम भंडार दिन घर थाना समालखा जनपद पानीपत का रहने वाला है और वर्तमान में लेबर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश में रह रहा था। मनीष नेगी पुत्र उदय सिंह निवासी कोथली थाना नरेंद्रनगर जनपद टिहरी गढ़वाल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान थाना मुनि की रेती पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक आशीष रावत चौकी प्रभारी ढालवाला उपनिरीक्षक प्रवीन रावत चौकी प्रभारी तपोवन हेड कांस्टेबल नंदकिशोर थपलियाल हेड कांस्टेबल 29 विजय प्रताप और हेड कांस्टेबल 73 सतेंद्र शामिल रहे। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा प्रभारी एएनटीएफ और कांस्टेबल 206 नज़ाकत शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
