Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ वी मुरूगेशन ने 20 सितंबर 2026 को जनपद पौड़ी की कोतवाली लैंसडाउन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर कार्यालय मालखाना हवालात महिला हेल्प डेस्क सीसीटीएनएस कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पुलिसिंग में व्यावसायिकता जवाबदेही पारदर्शिता और कार्यकुशलता को महत्वपूर्ण बताते हुए थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर पुलिस महानिदेशक ने अभिलेखों के रख-रखाव आगंतुक रजिस्टर अपराध पंजिका और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का निरीक्षण कर उनकी अद्यतन स्थिति एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने रिकॉर्ड प्रबंधन और अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव के साथ ही सरकारी संपत्ति के संरक्षण तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनशिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने की बात कही। नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने के लिए बीट पुलिसिंग नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग का लक्ष्य सुरक्षा के साथ जनता का विश्वास कायम करना होना चाहिए। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर ठगी से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने पर भी बल दिया। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने तथा महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वच्छ थाना परिसर सुव्यवस्थित अभिलेख सरकारी संपत्ति के संरक्षण और जवाबदेह पुलिसिंग व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक डॉ वी मुरूगेशन ने थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण नागरिक सेवाओं और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *