प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। 18 सितंबर 2026 को प्रदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय जयचन्द निवासी जे-1 शिवालिक नगर रानीपुर हरिद्वार ने कोतवाली रानीपुर में सूचना दी कि 17 सितंबर को अज्ञात चोर ने शिवालिक नगर स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से गीजर टेबल फैन पाइप सरिया के टुकड़े लोहे के एंगल कटर मशीन हथौड़ी आदि सामान चोरी कर लिया है। सूचना के आधार पर कोतवाली रानीपुर में तत्काल प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत घटनास्थल से मिले डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन करने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस टीम ने 19 सितंबर 2026 की रात चेकिंग एवं तलाश के दौरान निर्मल आईटीआई से पहले स्थित खाली ग्राउंड से आरोपी शिवकुमार को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निर्माणाधीन मकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण में आवश्यक कानूनी प्रावधान जोड़े गए हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शिवकुमार पुत्र फुज्जन निवासी ग्राम सिकरौड़ा नवादा थाना मण्डावली जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद सिडकुल हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक बजाज कंपनी का गीजर कनेक्शन पाइप सहित एक रावी कंपनी का टेबल फैन एक पत्थर कटर मशीन तीन सिंक पाइप टोंटी सहित लोहे के सरिये के चार टुकड़े लोहे के दो एंगल और लोहे की पांच हथौड़ी बरामद हुई हैं। पुलिस द्वारा आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर थाना रानीपुर एवं थाना सिडकुल में चोरी नकबजनी एवं अवैध शस्त्र से संबंधित मामले दर्ज पाए गए। इनमें थाना रानीपुर में वर्ष 2025 का एक मामला थाना सिडकुल में वर्ष 2025 का एक मामला तथा थाना रानीपुर में वर्ष 2026 का शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी नकबजनी एवं अवैध शस्त्र के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल सुमन डोभाल शामिल रहे।
