प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से ब्लॉक सभागार एकेश्वर में ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ब्लॉक एकेश्वर के सभी ग्राम प्रधानों के लिए एक दिवसीय टीबी प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी पौड़ी डॉ.जीशान मलिक ने ग्राम प्रधानों को टीबी के लक्षण बचाव समय पर जांच एवं उपचार की जानकारी दी। उन्होंने टीबी उन्मूलन में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया। डॉ.जीशान मलिक ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपने-अपने ग्रामों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने तथा उपचार करा रहे मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने के लिए प्रोत्साहित करने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने आह्वान किया कि ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी और सामुदायिक सहयोग से ही प्रत्येक ग्राम को टीबी मुक्त बनाने तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.निकिता चौधरी ग्राम प्रधान रिंगवाड़ी सुनीता देवी ग्राम प्रधान बड़ेथ स्वाती देवी ग्राम प्रधान भंडाली प्रियंका देवी नौगांव की हेमलता देवी ग्राम प्रधान मंजेड़ी संजय डंडियाल दामोदर ममगाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
