प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में महिला एवं बाल संबंधी अपराधों के प्रति गंभीरता बरतते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कई स्थानों पर अपने ठिकाने बदले और कनखल पुलिस की लगातार दबिश से घिरता देख अंततः कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। 3 सितंबर 2026 को पीड़िता की माता ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया था कि एक युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया तथा उसके फोटो और वीडियो बनाए। बाद में इन फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को ब्लैकमेल किया जाने लगा। डर के कारण नाबालिग ने आरोपी को 1 लाख रुपये दिए लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार और रुपयों की मांग करता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी अधिकारी थाना कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली नोएडा अलीगढ़ बरेली एवं हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। कनखल पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाश और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रखी गई। पुलिस की लगातार कार्रवाई से घिरता देख आरोपी अंततः कोतवाली कनखल पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान गौरव कुमार पुत्र धनपाल निवासी बफरी बुजुर्ग थाना शाही जनपद बरेली हाल निवासी सगरावाला जगजीतपुर थाना कनखल हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत शामिल रहे।
