प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नशे के तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 33 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मेहताब उर्फ चिटीं पुत्र सज्जाद निवासी शिकारपुर कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली मंगलौर में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी से नशे की तस्करी के संबंध में पूछताछ की। नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन चौहान हेड कांस्टेबल शूरबीर चौहान और कांस्टेबल नरेश कुमार शामिल रहे।
