प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध बेस चिकित्सालय में चल रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर पैरामेडिकल संवर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए कॉलेज प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। कॉलेज प्रशासन के संज्ञान में आया है कि पैरामेडिकल संवर्ग के प्रथम द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में अध्ययनरत कुछ छात्र-छात्राएं पैरामेडिकल इंटर्न के साथ धरना स्थल पर बैठे पाए गए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि प्रथम द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के इन छात्र-छात्राओं का वर्तमान प्रकरण से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। इसके बावजूद कक्षाओं एवं क्लिनिकल पोस्टिंग को छोड़कर धरना स्थल पर बैठना तथा ओपीडी में मरीजों और चिकित्सकों के आने-जाने वाले स्थान पर बैठकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्राचार्य की ओर से पैरामेडिकल संवर्ग के सत्र 2023, 2024 एवं 2025 में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे उक्त प्रकरण से संबंधित किसी भी गतिविधि में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल न हों। साथ ही उन्हें अपनी नियमित कक्षाओं एवं क्लिनिकल पोस्टिंग में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सूचना में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई छात्र-छात्रा इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें शैक्षणिक सत्र से 3 से 6 माह तक निष्कासन जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। कॉलेज प्रशासन ने सभी संबंधित छात्र-छात्राओं से संस्थान की व्यवस्था मरीजों की सुविधा और चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित न करने तथा निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित रूप से भाग लेने की अपील की है।
