Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने करीब सात वर्षों से लापता चल रहे एक व्यक्ति को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम बगजीवाला निवासी महिला ने अगस्त माह में सूचना दी थी कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में करीब सात वर्ष पहले घर से निकले थे। शुरुआती वर्षों में वह अपनी कुशलक्षेम की जानकारी देते रहे लेकिन किसी कारण से घर आने में असमर्थता जताते हुए वापस आने का आश्वासन देते रहे। परिजनों की ओर से इस संबंध में उस समय स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। परिजनों को उम्मीद थी कि वह कभी न कभी वापस घर लौट आएंगे। अगस्त माह में महिला को जानकारी मिली कि उनके पति अपनी माता से तो बातचीत करते हैं लेकिन पत्नी और अपनी तीन बेटियों से बातचीत नहीं करते हैं। इस जानकारी के बाद महिला ने स्वयं भी अपने पति से बातचीत की। पुलिस के अनुसार बातचीत के दौरान उनके पति ने घर आने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद महिला ने रुद्रप्रयाग पुलिस को अपनी आपबीती बताई और सहायता की गुहार लगाई। पुलिस ने महिला की परेशानी को समझते हुए संबंधित व्यक्ति के मोबाइल नंबर के आधार पर उसका पता ज्ञात करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आवश्यक सुरागरसी-पतारसी करते हुए व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई और उसे रुद्रप्रयाग लाया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद व्यक्ति गणेश प्रसाद पुत्र सतेश्वर प्रसाद निवासी ग्राम बगजीवाला डाकघर पांजणा जिला रुद्रप्रयाग को 20 सितंबर 2026 को उसके परिवार के सदस्यों उसकी मां पत्नी मामा और साले के सुपुर्द कर दिया गया। सात वर्षों बाद व्यक्ति के सकुशल बरामद होने पर परिजनों को राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *