प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को जनपद रुद्रप्रयाग भ्रमण के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले आंगन का मिलन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा ने आंगन का मिलन कार्यक्रम एवं पोषण माह के तहत जनपद में प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग के तीनों विकासखंडों में कुल 692 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 9 सितंबर से पोषण माह भी प्रारंभ हो चुका है जिसके अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता एवं पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पोषण माह एवं आंगन का मिलन कार्यक्रम को समन्वित रूप से आयोजित करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट योजना बाल पोषण एवं महिला पोषण योजना मेरी सहेली सेनेटरी नैपकिन योजना नंदा गौरा योजना एवं अनुपूरक पोषाहार सहित विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही योजनाओं के उद्देश्य पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान ईसीसीई किट के माध्यम से नव चेतना एवं आधारशिला पाठ्यक्रम के क्रियान्वयन की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों द्वारा रंग आकार गंध आदि की पहचान बाल गीत तथा अन्य शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगन का मिलन कार्यक्रम प्रदेश के प्रत्येक जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जाना है। ऐसे में कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूर्व में ही पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण माह के दौरान भी लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की रीढ़ मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं केवल कार्यकर्ता नहीं बल्कि विभाग की रीढ़ हैं। वे विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों महिलाओं एवं लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगन का मिलन कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित कर सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों द्वारा प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन तथा देश को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की कामना की गई। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आंगन का मिलन कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थियों से संवाद उनके अनुभव साझा करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान को सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 13 दिनों में प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जनपद स्तर पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। लाभार्थियों के अनुभवों को साझा करने तथा सरकार की योजनाओं के माध्यम से हो रहे सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की आकांक्षाओं के अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा सुमन जमलोकी उपाध्यक्ष रोशनी रोथाण जिला मंत्री निर्मला बहुगुणा मंडल अध्यक्ष माहेश्वरी नेगी मंडल अध्यक्ष मंजू धिर्वाण मंडल महामंत्री बबीता रमोला मंडल महामंत्री कंचन देवी जिलाधिकारी विशाल मिश्रा मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
