प्रदीप कुमार
खिर्सू/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से सोमवार को ब्लॉक सभागार खिर्सू में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत खिर्सू ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.जीशान मलिक ने ग्राम प्रधानों को टीबी के लक्षण बचाव समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी। साथ ही टीबी उन्मूलन में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में विस्तृत रूप से अवगत कराया गया। कार्यशाला के दौरान टीबी उन्मूलन में सहयोग प्रदान करने के लिए मौजूद प्रतिभागियों को शपथ भी दिलाई गई। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गांवों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने तथा उपचाररत मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने के लिए प्रोत्साहित करने में सक्रिय सहयोग करें। इस दौरान आह्वान किया गया कि ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी और सामुदायिक सहयोग से ही प्रत्येक ग्राम को टीबी मुक्त बनाने तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यशाला में प्रधान अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी ग्राम थापला ग्राम प्रधान जयपाल सिंह हरेन्द्र सिंह बबली सहित 22 ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया।
