Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने पेयजल की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त विद्यालयों चिकित्सालयों पुलिस चौकियों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जहां भी पेयजल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही हैं उन्हें यथाशीघ्र दुरुस्त किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी समस्याओं से जल संस्थान को तत्काल अवगत कराया जाए ताकि जल संस्थान द्वारा समय रहते पेयजल की सैंपलिंग कर पानी की गुणवत्ता की परख की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि सैंपलिंग के दौरान गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी पाई जाती है तो उसकी विधिवत निगरानी कर कारणों का पता लगाया जाए और उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि भविष्य में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने जल संस्थान को नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *