प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से सोमवार को मक्कू में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर तथा जागतोली में निःशुल्क टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों में 180 लोगों के नेत्रों की जांच की गई जबकि 157 लोगों की टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग और 212 लोगों की एचआईवी एड्स काउंसलिंग की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारूल गोयल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जागतोली में चल रहे जागतोली महोत्सव के मेलास्थल पर टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। इसमें 157 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 18 लोगों के बलगम जांच के नमूने लिए गए। इस मौके पर 212 लोगों की एचआईवी एड्स काउंसलिंग भी की गई। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज मक्कू में निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान के सहयोग से निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 180 लोगों के नेत्रों की जांच की गई और 14 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। वहीं 6 बच्चों को बेस चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। स्वास्थ्य शिविरों में मेडिकल टीम द्वारा लाभार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए प्रधानमंत्री के स्वस्थ भारत के संकल्प की जानकारी दी गई। लोगों को निरोगी एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग में डॉ. अंजली ममगांई फार्मेसिस्ट बिजेंद्र गुसाईं डाट्स प्लस सुपरवाइजर सुनील राणा सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर हरीश चौधरी और सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर सुमन रावत मौजूद रहे। नेत्र शिविर में गौरव नौटियाल दृष्टिमितिज्ञ कुलेंद्र रावत आर्यन अमन सरियाल सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
